Edited By ,Updated: 23 Mar, 2017 12:45 PM
वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) को जल्द लागू करने के लिए सरकार इससे...
नई दिल्ली: वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) को जल्द लागू करने के लिए सरकार इससे जुड़े चार विधेयकों को आज संसद में पेश कर सकती है। वित्त राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने आज यह जानकारी दी। मेघवाल से जब जीएसटी विधेयकों को लोकसभा में पेश किए जाने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘हम यह काम आज कर सकते हैं। वित्त मंत्री अरुण जेतली जीएसटी पर आज एक बैठक करेंगे।’’
केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने इस सप्ताह की शुरुआत में ही जीएसटी से जुड़े चार विधेयकों पर अपनी सहमति की मुहर लगा दी थी। सरकार एक जुलाई से जीएसटी लागू करना चाहती है। ये चार विधेयक- केन्द्रीय वस्तु एवं सेवाकर विधेयक 2017, एकीकृत वस्तु एवं सेवाकर विधेयक 2017, संघ शासित प्रदेश वस्तु एवं सेवाकर विधेयक 2017 और वस्तु एवं सेवाकर (राज्यों को मुआवजा) विधेयक 2017 हैं। एक सूत्र ने भी इससे पहले कहा था कि इन विधेयकों को धन विधेयक के तौर पर इसी सप्ताह संसद में पेश किया जा सकता है।
वित्त मंत्री अरुण जेतली ने कल एक कार्यक्रम में उम्मीद जताई कि जीएसटी को एक जुलाई से लागू कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने से भारत दुनिया का सबसे बड़ा साझा बाजार बनेगा, इससे सामान सस्ता होगा और कर चोरी करना मुश्किल होगा।