Edited By ,Updated: 09 Apr, 2017 02:01 PM
भारत का सोने का आयात बीते वित्त वर्ष की अप्रैल-फरवरी की अवधि में लगभग 24 प्रतिशत घटकर 23.22 अरब डॉलर रह गया। इससे चालू खाते के घाटे (कैड) पर लगाम लगी रहने की उम्मीद है।
नई दिल्लीः भारत का सोने का आयात बीते वित्त वर्ष की अप्रैल-फरवरी की अवधि में लगभग 24 प्रतिशत घटकर 23.22 अरब डॉलर रह गया। इससे चालू खाते के घाटे (कैड) पर लगाम लगी रहने की उम्मीद है। वित्त वर्ष 2015-16 की समान अवधि में सोने का कुल आयात 30.71 अरब डॉलर रहा था। उद्योग विशेषज्ञों का कहना है कि घरेलू व वैश्विक बाजार में सोने की कीमतों में नरमी के कारण इसके आयात में गिरावट आई।
सोने के आयात में गिरावट के कारण 2016-17 के 11 महीने के दौरान व्यापार घाटा घटकर 95.2 अरब डॉलर रह गया जो कि पूर्व वर्ष की समान अवधि में 114.3 अरब डॉलर रहा था। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार हालांकि मासिक आधार पर सोने का आयात फरवरी में बढ़कर 3.48 अरब डॉलर हो गया जो कि पिछले साल फरवरी में 1.4 अरब डॉलर रहा था।
उल्लेखनीय है कि भारत सोने का सबसे बड़ा आयातक देश है। यह आयात मुख्य रूप से आभूषण उद्योग की मांग कापूरा करने के लिए होता है। वित्त वर्ष 2015-16 में चालू खाते का घाटा 22.1 अरब डॉलर या जी.डी.पी. का 1.1 प्रतिशत रहा।