Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Dec, 2017 12:22 PM
देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो रोजाना 1000 उड़ानों का मुकाम हासिल कर ऐसा करने वाली देश की पहली कंपनी बन गई है। एक और ए-320 निओ विमान हासिल करने के साथ ही उसके बेड़े में 150 विमानों वाली भी वह देश की पहली एयरलाइन बन गई है। इंडिगो ने आज...
नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी विमान सेवा कंपनी इंडिगो रोजाना 1000 उड़ानों का मुकाम हासिल कर ऐसा करने वाली देश की पहली कंपनी बन गई है। एक और ए-320 निओ विमान हासिल करने के साथ ही उसके बेड़े में 150 विमानों वाली भी वह देश की पहली एयरलाइन बन गई है। इंडिगो ने आज बताया कि उसने ये दोनों मुकाम शनिवार को हासिल किए।
शनिवार को रात 11 बजकर 15 मिनट पर उसकी 1000वीं उड़ान रवाना हुई। उसने बताया कि शनिवार को ही उसे 31वां ए-320 निओ विमान भी प्राप्त हुआ। इसके साथ ही उसके बेड़े में विमानों की कुल संख्या बढ़कर 150 पर पहुंच गई। कंपनी ने बताया कि 22 दिसम्बर से विजयवाड़ा के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। यह उसके नैटवर्क में 50वां गंतव्य होगा। विजयवाड़ा के लिए और वहां से उड़ानों का परिचालन 2 मार्च से शुरू होगा। विजयवाड़ा के लिए वह चेन्नई, बेंगलूर और हैदराबाद से ए.टी.आर.-600 विमानों का इस्तेमाल करेगी। उसने 21 दिसम्बर को ए.टी.आर.-600 विमानों का पहला परिचालन हैदराबाद-मेंगलूर मार्ग पर शुरू किया है।