Edited By ,Updated: 15 Apr, 2017 01:52 PM
सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दूसरी बड़ी कंपनी इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल सिक्का ने वित्त वर्ष 2016-17 में 66.8 लाख डॉलर यानी करीब 43 करोड़ रुपए वेतन लिया।
नई दिल्लीः सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की दूसरी बड़ी कंपनी इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विशाल सिक्का ने वित्त वर्ष 2016-17 में 66.8 लाख डॉलर यानी करीब 43 करोड़ रुपए वेतन लिया। हालांकि, यह राशि उनके कुल वेतन पैकेज का 61 प्रतिशत है।
गौरतलब है कि इंफोसिस के संस्थापकों ने कंपनी प्रबंधन को लेकर चिंता के जो मुद्दे उठाए हैं उनमें सिक्का का ऊंचा वेतन भी एक मुद्दा रहा हैै।
सिक्का को समाप्त वित्त वर्ष के लिए 1.1 करोड़ डॉलर वेतन देने का वादा किया गया था। इसमें मूल वेतन, वेतन से इतर राशि, प्रतिबंधित शेयर यूनिट और वर्ष के दौरान शेयर विकल्प प्रदर्शन भी शामिल हैं। बहरहाल 2016-17 में सिक्का ने जो वेतन लिया है वह उन्हें इससे पिछले साल मिले कुल वेतन से भी कम है। पिछले साल सिक्का ने 48.73 करोड़ रुपए का वेतन लिया था।
कंपनी के फाइनैंशल स्टेटमेंट के मुताबिक सिक्का को वेतन से इतर सुविधा राशि में 80 लाख डॉलर देने का वादा किया गया था लेकिन उन्हें इसमें 36.8 लाख डॉलर ही मिले। सिक्का के वेतन को लेकर इन्फोसिस के संस्थापक सदस्य आवाज उठाते रहे हैं।
सिक्का भारतीय आईटी इंडस्ट्री में सबसे अधिक वेतन पाने वाले सीईओज में शामिल हैं। पिछले वित्त वर्ष में उनका वेतन 70.8 लाख डॉलर से बढ़ाकर 1.10 करोड़ डॉलर कर दिया गया था। नारायणमूर्ति समेत कंपनी के अन्य संस्थापक इस वेतन को लेकर खुश नहीं थे।