Edited By ,Updated: 12 Feb, 2016 08:48 PM
सैक्टर- 29 स्थित ट्रैफिक लाइन में रहने वाले आई.टी.बी.पी. के जवान को एक अज्ञात आरोपी ने झांसा देकर उसका ए.टी.एम. बदल कर उसके खाते से 1 लाख 745 रूपए निकाल लिए।
चंडीगढ़ (संदीप) : सैक्टर- 29 स्थित ट्रैफिक लाइन में रहने वाले आई.टी.बी.पी. के जवान को एक अज्ञात आरोपी ने झांसा देकर उसका ए.टी.एम. बदल कर उसके खाते से 1 लाख 745 रूपए निकाल लिए। शिकायतकर्ता बिस्वजीत बरमन की शिकायत पर सैक्टर 26 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की यह हरकत ए.टी.एम. में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे में कैद हो गई है जिसके आधार पर थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
वेस्ट बंगाल के रहने वाले बिस्वजीत बरमन ने पुलिस को बताया कि वह आई.टी.बी.पी1 में बतौर कांस्टेबल तैनात है और उसकी डयूटी सैक्टर-29 ट्रैफिक पुलिस लाइन में लगी हुई है। बीती 2 फरवरी को वह अपने एस.बी.आई. के अकाउंट में रुपये जमा करवाने के लिए सैक्टर-7 स्थित बैंक की शाखा में गया था। ए.टी.एम. मशीन में उसने 2 बार रुपये जमा करवाने की कोशिश की लेकिन एरर आने के चलते पैसे जमा नहीं हो रहे थे। यह देख बैंक में उसके पिछे खड़ा युवक सहायता करने के लिए उसके पास आया। युवक ने उसका ए.टी.एम. कार्ड लिया और मशीन में डालकर ए.टी.एम. पीन डालने के लिए कहा। वह ए.टी.एम. मशीन में रुपये जमा करवाने लगा तो युवक ने उसका ए.टी.एम. बदल लिया। जल्दी में वह वापिस आ गया। 8 फरवरी को जब बैंक में अकाउंट अपडेट करवाने गया तो उसका खाता बिल्कुल खाली था।