Edited By Punjab Kesari,Updated: 07 Dec, 2017 08:50 PM
सैक्टर-29 स्थित इंडसइंड बैंक के ए.टी.एम. कैबिन में संदिग्धावस्था में बुधवार रात 24 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड बेसुध पड़ा मिला। फर्श पर सिक्योरिटी गार्ड को गिरा देख दूसरे सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को सूचना दी व मौके पर पहुंची पुलिस ने बेसुध गार्ड को...
चंडीगढ़ (सुशील राज): सैक्टर-29 स्थित इंडसइंड बैंक के ए.टी.एम. कैबिन में संदिग्धावस्था में बुधवार रात 24 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड बेसुध पड़ा मिला। फर्श पर सिक्योरिटी गार्ड को गिरा देख दूसरे सिक्योरिटी गार्ड ने पुलिस को सूचना दी व मौके पर पहुंची पुलिस ने बेसुध गार्ड को जी.एम.सी.एच.-32 पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मरने वाले की पहचान सैक्टर-20 निवासी आनंद के रूप में हुई जो मूल रूप से वैस्ट बंगाल का रहने वाला था। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को जानकारी दे दी है। इसके अलावा ए.टी.एम. कैबिन में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे की रिकार्डिंग भी ले ली है।
इंडस्ट्रियल एरिया थाना प्रभारी दविंदर सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात उन्हें सूचना मिली कि सैक्टर-29 स्थित इंडसइंड बैंक का सिक्योरिटी गार्ड संदिग्ध हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे जी.एम.सी.एच.-32 पहुंचाया पर वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि सिक्योरिटी गार्ड के हाथ पर करंट के निशान हैं व उसकी मौत करंट लगने से हुई है। जांच के मुताबिक आनंद कैबिन में रखा बैग लेने लगा तो इस दौरान बिजली की तार उसके हाथ को छू गई और वह बेसुध होकर गिर गया। इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों के आने के बाद ही पुलिस अगली कार्रवाई करेगी।