Edited By Punjab Kesari,Updated: 23 Nov, 2017 12:08 AM
हरियाणा के आई.ए.एस. की बेटी ने बुधवार को जिला अदालत में उसके साथ छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश करने वाले विकास बराला और उसके दोस्त आशीष की पहचान की।
चंडीगढ़, (सुशील राज): हरियाणा के आई.ए.एस. की बेटी ने बुधवार को जिला अदालत में उसके साथ छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश करने वाले विकास बराला और उसके दोस्त आशीष की पहचान की। अदालत में उसने कहा कि इन दोनों ने ही सैक्टर-7 से मनीमाजरा तक पीछा कर उससे छेड़छाड़ और अपहरण की कोशिश की थी। मामले की अगली सुनवाई 6 दिसम्बर को होगी।
आई.ए.एस. की बेटी ने कोर्ट में बताया कि दोनों ने पांच अगस्त की रात को उसका पीछा करके उसका अपहरण करने की कोशिश की थी। जिसके लिए उसने उस रात समय रहते पुलिस को संपर्क करके स्वयं को बचाया था। जिला अदालत में विकास बराला और उसके दोस्त आशीष के खिलाफ ट्रायल शुरू हो चुका है।
विकास ने तय हुए आरोपों के खिलाफ दी है चुनौती
विकास बराला ने उसके खिलाफ तय हुए आरोप को चुनौती देते हुए सैशन कोर्ट में पुन: विचार याचिका दायर की हुई है, जिसमें कहा गया था कि उनके खिलाफ तय किए गए आरोपों का कोई आधार ही नहीं बनता है। इसकी सुनवाई पर फैसला अभी सुरिक्षत है। हालांकि संबंधित मामले में गिरफ्तार होने के बाद दोनों की जिला अदालत से चौथी बार जमानत खारिज हो चुकी है।