Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Jun, 2017 02:17 PM
सोमवार को भाजपा ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए रामनाथ कोविंद के नाम का ऐलान किया है। रामनाथ कोविंद वर्तमान में बिहार के राज्यपाल हैं।
चंडीगढ़: सोमवार को भाजपा ने राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के लिए रामनाथ कोविंद के नाम का ऐलान किया है। रामनाथ कोविंद वर्तमान में बिहार के राज्यपाल हैं। बता दें कि रामनाथ का चंडीगढ़ से खास नाता है और उनका यहां आना-जाना लगा रहता है। वह चंडीगढ़ मे भारतीय जनता पार्टी को मजबूत करने के लिए लगातार मोर्चा संभाले हुए है। शहर में दलित वोट बैंक को एकजुट करने में उनका भरपूर योगदान रहा है। यही कारण है कि उनका चंडीगढ़ से खास लगाव रहा है। जानकारी के मुताबिक उनके कुछ करीबी भी यहां रहते हैं जिनसे मिलने के लिए वे शहर में आते हैं।
भाजपा प्रचार के लिए कई बार आ चुके हैं चडीगढ़...
2009 मे जब कांग्रेस की सरकार थी तो वह कई बार भाजपा नेताओं के साथ धरने पर भी बैठे। 2004 और 2009 के चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवार के लिए वोट मांगने वह चंडीगढ़ आए थे। एडीशनल सॉलीसिटर जनरल ऑफ इंडिया एवं पूर्व सांसद सत्यपाल जैन के लिए भी कई बार प्रचार कर चुके है। हाल ही में पंजाब यूनिवर्सिटी में 14 अप्रैल को अंबेडकर जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान रामनाथ कोविंद ने शिरकत की थी।
शहर में रहते हैं उनके करीबी...
एस.सी. मोर्चा के पूर्व जनरल ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान रामनाथ कोविंद चंडीगढ़ की सभी दलित बस्तियों में गए थे। सैक्टर-20 की दर्जा चार कर्मचारियों की सुंदर कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में भी उन्होंने शिरकत की थी। शहर में कॉलोनी में रह रहे अपने किसी दूर के रिश्तेदार के यहां भी वह गए थे। अप्रैल 2009 में रामदरबार से दलित चेतना रथ यात्रा निकाली गई। इस यात्रा को रामनाथ कोविंद ने ही हरी झंडी दिखा कर रवाना किया था। वह रथ में बैठकर पूरा चंडीगढ़ भी घूमे थे।