Edited By ,Updated: 29 Apr, 2017 08:30 AM
हरियाणा में स्काउट एवं गाइडस की गतिविधियों पर वित्त वर्ष 2017-18 में 3.13 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी।
चंडीगढ़(संघी) : हरियाणा में स्काउट एवं गाइडस की गतिविधियों पर वित्त वर्ष 2017-18 में 3.13 करोड़ रुपए की राशि खर्च की जाएगी। इस राशि के बजट का अनुमोदन आज राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी की अध्यक्षता में हरियाणा राज्य भारत स्काउटस एंड गाइडस की राज्य परिषद की 40वीं बैठक में किया गया। बैठक का आयोजन हरियाणा राजभवन में किया गया।
राज्यपाल ने स्काउट एवं गाइडस में श्रेष्ठ उपलब्धियों के लिए विद्यार्थियों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया। राज्यपाल ने कहा कि स्काऊट एवं गाइड से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो रहा है। यह संस्था उत्तम कोटि के नागरिक पैदा करने की पाठशाला है। स्काऊट एवं गाइड के माध्यम से हरियाणा में उल्लेखनीय काम हो रहा है। यह राज्य छोटा है लेकिन काम बड़ा है।
जनवरी में मैसूर में संपन्न हुई 17वीं राष्ट्रीय जम्बूरी में हरियाणा राज्य के स्काउटस व गाइडस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर 16 पुरस्कार जीते हैं। राज्यपाल ने कहा कि स्काऊट एवं गाईड के सैल्युट में तीन उंगलियों का उपयोग किया जाता है जो ज्ञान, भक्ति व कर्म का प्रतीक हैं। जब तक ये तीनों गुण नहीं आते, तब तक व्यक्ति संपूर्ण नहीं होता। उन्होंने सम्मानित होने वाले 181 कब्स, बुलबुल्स, स्काउटस, गाइडस और कर्मठ अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने स्काउटस की श्रेष्ठ गतिविधियों में प्रथम रहे जिला करनाल, कब्स में जिला जींद, गाइडस में भी जिला जींद तथा बुलबुलस में जिला भिवानी को शील्डस देकर सम्मानित किया।
उत्तम नागरिकता एवं अनुशासन की पहचान है स्काऊट :
हरियाणा स्काऊट एवं गाईड के राज्य मुख्य आयुक्त डा. के.के. खंडेलवाल ने राज्यपाल व अन्य महानुभावों का स्वागत करते हुए कहा कि उत्तम नागरिकता एवं अनुशासन की पहचान स्काऊट है। इससे पहले संस्था के राज्य सचिव एस.एस. कौशल ने संस्था की वर्ष 2015-16 की वार्षिक रिपोर्ट रखी।
हरियाणा के लिए सम्मानजनक बात है कि गत वर्ष के दौरान प्रदेश को स्काऊटस में 7 राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 8 लाख 17 हजार स्काऊटस एवं गाइडस हैं, जबकि देश में इनकी संख्या 55 लाख है। इस प्रकार हरियाणा में स्काउट व गाइडस की संख्या देश की कुल संख्या का 14 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि 2015-16 में राज्य में स्काउटस व गाइडस के 2081 शिविर व अन्य गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें एक लाख 26 हजार 537 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
राज्य में प्रशिक्षकों की संख्या 832 है जो उत्तर भारत के राज्यों में सर्वाधिक है। बैठक में संस्था के कोषाध्यक्ष प्रो0 आर.के. गुप्ता ने 2015-16 का लेखा-जोखा और 2017-18 के बजट अनुमानों को प्रस्तुत किया। माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक व स्काउट के राज्य आयुक्त राजीव रतन ने सबका धन्यवाद किया।
इस अवसर पर संस्था की उपाध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव हरियाणा धीरा खंडेलवाल, राज्यपाल के सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, हैफेड की प्रबन्ध निदेशक सुकृति लिखी, प्राथमिक शिक्षा निदेशक डॉ. गरिमा मित्तल, खेल विभाग के निदेशक जगदीप सिंह, स्काउटस व गाइडस संस्था के राज्य आयुक्त, हैडक्वार्टर कैप्टन जी.एस. घुम्मन सभी जिलों के जिला शिक्षा अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्काऊटस प्रतिभागियों ने भाग लिया।