Edited By ,Updated: 01 Feb, 2015 11:47 PM
हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणधीर शर्मा ने वीरभद्र सिंह पर मुख्यमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है।
शिमला: हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री रणधीर शर्मा ने वीरभद्र सिंह पर मुख्यमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि 29 जनवरी को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताआें की तरफ से भाजपा के चक्कर स्थित प्रदेश कार्यालय पर किए गए हमले पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह द्वारा क्लीन चिट देना पुत्र मोह में फंसकर लोकतांत्रिक मर्यादाआें का हनन करने जैसा है। उन्होंने कहा कि इससे राज्यपाल की तरफ से करवाई जा रही घटना की जांच तथा इस घटना को लेकर दर्ज एफआईआर पर पुलिस की कार्रवाई पर भी असर पड़ेगा।
रणधीर शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस घटना के विरोध में 1 से 15 फरवरी तक वीरभद्र सरकार प्रायोजित गुंडागर्दी विरोधी पखवाड़ा मनाएगी। इस दौरान मंडल स्तर पर घटना के विरोध में जुलूस व रैलियां निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन व जनसभाओं में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र की सच्चाई जनता को बताई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की तरफ से क्लीन चिट देने से यह साबित हो गया है कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताआें ने मुख्यमंत्री के इशारे और सरकार के संरक्षण में यह काम किया। उनका आरोप है कि घटना के दिन प्रदर्शन में सादी वर्दी में युवा कांग्रेसियों के साथ कुछ पुलिस कर्मचारी और कई गुंडे भी शामिल थे। उन्होंने मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा देने की भी मांग की।
भारतीय जनता पार्टी महामंत्री ने राज्यपाल से मिलकर और सभी जिलाधीशों के माध्यम से इस घटना की न्यायिक जांच और युकां प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।