Edited By Punjab Kesari,Updated: 17 Jul, 2017 03:02 PM
विवादित दक्षिण चीन सागर में तनाव के चलते इंडोनेशिया ने अप्रत्याशित कदम उठाया है ...
जकार्ता: विवादित दक्षिण चीन सागर में तनाव के चलते इंडोनेशिया ने अप्रत्याशित कदम उठाया है जिससे चलते चीन के साथ उसका टकराव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दरअसल इंडोनेशिया ने अपने अधिकार वाले जलक्षेत्र का नाम बदल दिया है।
इंडोनेशिया ने विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र(समुद्री क्षेत्र पर अधिकार)के दायरे में आने वाले दक्षिण चीन सागर के उत्तरी क्षेत्र का नाम नॉर्थ नटूना सी रख दिया है। इंडोनेशिया के समुद्री संप्रभुता मामलों के उपमंत्री आरिफ ओग्रोसेनो ने शनिवार को नाम बदलने की जानकारी दी। आरिफ ने कहा, 'समुद्री क्षेत्र का नाम लगातार बदलने की जरूरत है, ताकि संयुक्त राष्ट्र को समुद्री सीमा के बारे में जानकारी दी जा सके और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को इस बात का पता चल सकेगा कि वह किस देश के क्षेत्र से होकर गुजर रहे हैं।'
बता दें कि इस विवादित दक्षिण सागर पर चीन शुरू से अपना अधिकार जताता है। वियतनाम, ताइवान, फिलीपींस, ब्रुनेई और मलेशिया भी इस पर अपना-अपना दावा करते हैं। जिसके चलते इस क्षेत्र में पहले से इन देशों में टकराव की स्थिति बनी हुई है। दक्षिण चीन सागर के विशेष हिस्से का नाम बदलने वाला इंडोनेशिया पहला देश नहीं है। इससे पहले वर्ष 2011 में फिलीपींस भी अपने जलक्षेत्र का नाम बदल चुका है। उसने इसका नाम पश्चिम फिलीपींस सागर रखा है।