Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Aug, 2017 11:39 PM
भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी दाऊद इब्राहिम अपनी पहचान छुपाने के लिए 21 नामों का इस्तेमाल करता है...
लंदनः भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी दाऊद इब्राहिम अपनी पहचान छुपाने के लिए 21 नामों का इस्तेमाल करता है। ब्रिटेन की आर्थिक प्रतिबंधों से जुड़ी लिस्ट में इसका जिक्र किया गया है। लिस्ट में दाऊद को भारत का नागरिक दर्शाते हुए उसके पाकिस्तान के 3 ठिकानों का भी जिक्र किया गया है।
ब्रिटेन के वित्त विभाग ने सोमवार को इसे अपडेट किया। यूके ट्रेजरी डिपार्टमेंट की लिस्ट का नाम कंसोलिडेटेड लिस्ट ऑफ फाइनेंशियल सैंक्शंस टारगेट्स इन यूके है। दाऊद इब्राहिम के तीन पतों में पहला पता है हाउस नं. 37, 30वीं स्ट्रीट, डिफेंस हाउसिंग अथारिटी, कराची, दूसरा पता नूराबाद, कराची (पहाड़ी इलाके में शाही बंगला) है, और तीसरा पता व्हाइट हाउस, सऊदी मस्जिद के समीप, क्लिफ्टन, कराची दिया गया है।
पिछले साल तक एक और पता दिया जाता था। यह पता हाउस नं. 29, मार्गला रोड, एफ 6/2 स्ट्रीट नं. 22, कराची था। इस बार ये पता रिकार्ड में शामिल नहीं गया है।
दाऊद मुंबई में 1993 के सीरीयल विस्फोटों का मुख्य आरोपी है। इन विस्फोटों में 260 लोग मारे गए थे और 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। बम धमाकों के बाद वह भारत से भाग निकला। उसके पाकिस्तान में छिपे होने का संदेह है लेकिन पाकिस्तान बार-बार यही दोहराता आया है कि दाऊद उसके यहां मौजूद नहीं है।
रिकार्ड में उसका जन्म महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के खेर में दर्ज है। भारतीय पासपोर्ट के साथ उसकी राष्ट्रीयता भारतीय है। इस पासपोर्ट को भारत सरकार निरस्त कर चुकी है। इसके अलावा उसके 21 नामों का भी जिक्र किया गया है, इनमें शेख, इस्माइल, अब्दुल अजीज, अब्दुल हमीद, अब्दुल रहमान, मोहम्मद भाई, अनीस इब्राहिम, इकबाल, दिलीप, अजीज, फारूखी, हसन, दाऊद, मेमन, कास्कर, साबरी, साहेब, हाजी, सेठ और बड़ा भाई प्रमुख रूप से है।