Edited By Punjab Kesari,Updated: 12 Jun, 2017 02:08 PM
करीब 3 साल पहले गुजरात के अंजार में कचरे के ढेर में मिली बच्ची को अमरीकी महिला ने जीवनदान दिया है
वॉशिंगटनः करीब 3 साल पहले गुजरात के अंजार में कचरे के ढेर में मिली बच्ची को अमरीकी महिला ने जीवनदान दिया है। जब यह नवजात बच्ची कूड़े में मिली थी तो शरीर को कीड़े खा रहे थे और उसकी नाक पूरी तरह खा गए थे। एक व्यक्ति का इस पर ध्यान गया और उसने अस्पताल में भर्ती करवाया था। हॉस्पिटल में ही इसे दुर्गा नाम दिया गया और यह बच्ची मीडिया की सुर्खियों में थी।
दुर्गा के इलाज के खर्च के लिए गुजरात से कई बिजनेसमैन और संस्था आगे आई थीं, लेकिन अस्पताल ने खुद ही दुर्गा का इलाज किया। दुर्गा को हॉस्पिटल में जब भर्ती कराया गया था, तक उसकी हालत देखकर डॉक्टर भी चौंक गए थे। हॉस्पिटल में दुर्गा को करीब एक महीने रखा गया और पूरी तरह स्वस्थ हो जाने के बाद उसे भुज जिले के महिला कल्याण केंद्र के सुपुर्द कर दिया गया था। महिला कल्याण केंद्र में दुर्गा करीब दो साल रही और इसी दौरान यहां अमरीकी पॉप सिंगर और टीचर क्रिस्टीन विलियम्स आईं।
क्रिस्टीन ने दुर्गा को गोद ले लिया और उसे अमरीका ले गईं। क्रिस्टीन ने दुर्गा के नाम की प्लास्टिक सर्जरी करवाई। अमरीकन डॉक्टर्स ने दुर्गा की नाक की इतनी अच्छी तरह से सर्जरी की है कि वह बिल्कुल असली नजर आती है। इसके चलते इन दिनों दुर्गा की काफी चर्चा हो रही है।
दुर्गा के साथ क्रिस्टीन कई टॉक-शो में भी नजर आ रही हैं।गौरतलब है कि क्रिस्टीन ने दुर्गा के अलावा मुन्नी नाम की भी एक अनाथ लड़की को गोद लिया है और ये दोनों अच्छी लाइफ जी रही हैं।