Edited By Punjab Kesari,Updated: 11 Aug, 2017 04:42 PM
रूस में अमरीकी राजनयिकों में कमी के आदेश पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन का शुक्रिया अदा किया...
वाशिंगटनः रूस में अमरीकी राजनयिकों में कमी के आदेश पर अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन का शुक्रिया अदा किया। पुतिन द्वारा 30 जुलाई को दिए गए इस आदेश पर करीब 2 हफ्ते की चुप्पी तोड़ने के बाद ट्रंप ने कहा, ‘मैं बहुत आभारी हूं। पिछले महीने अमरीकी कांग्रेस द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बाद अब 755 अमरीकी राजनयिकों को रूस से बाहर निकाल दिया गया,जिसपर ट्रंप ने पुतिन को धन्यवाद कहा है।
ट्रंप ने कहा कि रूस ने 755 अमरीकी राजनयिकों और कर्मचारियों को बर्खास्त कर अमरीका का काफी पैसा बचाया है। उन्होंने अमरीका का इतना सारा पैसा बचाने के लिए पुतिन के प्रति आभार जताया। पिछले महीने जब मॉस्को ने इतनी बड़ी संख्या में अमरीकी राजनयिकों को रूस छोड़कर जाने का निर्देश दिया, तो इस फैसले को अमरीका और रूस के रिश्तों के सबसे गंभीर वाकयों में से एक बताया गया था।
कहा गया था कि शीत युद्ध खत्म होने के बाद से लेकर अब तक दोनों देशों के आपसी संबंध इतने कमजोर और नाजुक कभी नहीं हुए थे। अब ट्रंप ने इसे अमरीका का ही फायदा बताया है। पुतिन के साथ कथित संबंधों और करीबियों को लेकर ट्रंप लगातार निशाने पर हैं। गुरुवार को उन्होंने कहा, 'मैं पुतिन को शुक्रिया कहना चाहता हूं। हम अपने कर्मचारियों को किए जाने वाले वेतन के भुगतान की राशि घटाना चाहते हैं।
जहां तक मेरा सवाल है, तो मैं पुतिन का बहुत आभारी हूं। उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में अमेरिकी राजनयिकों और कर्मचारियों को निकाल दिया। अब हमें कम लोगों को वेतन देना पड़ेगा।' संबंध सुधरने के बाद इन लोगों को वापस रूस भेजा जाएगा या नहीं इसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा, 'उन्हें वापस भेजे जाने की कोई वजह नजर नहीं आती।