Edited By Punjab Kesari,Updated: 20 Mar, 2018 10:25 AM
पैंथर्स चेयरमैन हर्षदेव सिंह व उनकी पत्नी पर हुए हमले के विरोध में पैथर्स पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने पार्टी कार्यालय से राजमार्ग तक प्रदर्शन के साथ नारेबाजी करके आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई।...
साम्बा(अजय) :पैंथर्स चेयरमैन हर्षदेव सिंह व उनकी पत्नी पर हुए हमले के विरोध में पैथर्स पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने पार्टी कार्यालय से राजमार्ग तक प्रदर्शन के साथ नारेबाजी करके आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई। इस मौके पर प्रदर्शन की अध्यक्षता पूर्व मंत्री यशपाल कुंडल के साथ जिला प्रधान राजेश्वर सिंह विक्का भी शामिल थे। वहीं इसके बाद कार्यकर्ताओं ने गठबंधन सरकार के पुतले को आग के हवाले कर दिया।
कुंडल ने कहा कि भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम पर गुंडे तैयार किए हुए है, जोकि अन्य पार्टियों के नेताओं पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक साजिश के तहत पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह पर ऊधमपुर से भाजपा के शरारती लोगों ने हमला किया था। उनके खिलाफ पहले भी कई बार शिकायते दर्ज करवाई थी, परंतु पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उन्होंने यह भी कहा सरकार सिर्फ अपने झूठे दावों के दम पर लोगों को बेबकूफ बना रही है, जबकि जमीनी स्तर पर कोई भी काम नहीं किया जा रहा है। कई जगहों पर भाजपा के लोग अन्य पार्टियों के लोगों को धमकाने का काम कर रहे हैं। जिसे कभी सहन नहीं किया जाएगा। यह सरकार हर मोर्चा पर पूरी तरह से फेल है। राज्य में हर तरफ लोग अपनी मांगों के लिए सड़कों पर उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गठबंधन के भाजपा के नेता सिर्फ गुंडागर्दी करने पर उतर गए हैं।