Edited By Punjab Kesari,Updated: 03 Jan, 2018 06:08 PM
नए साल के मौके पर हवाई आयलैंड जाने वाले कुछ मुसाफिरों के साथ ऐसा अजीबोगरीब वाक्या हुआ कि वो उड़े तो नए साल में थे, मगर जहां जाना था वहां पहुंचे एक साल पीछे यानी 2017 में...
वेलिंगटन: नए साल के मौके पर हवाई आयलैंड जाने वाले कुछ मुसाफिरों के साथ ऐसा अजीबोगरीब वाक्या हुआ कि वो उड़े तो नए साल में थे, मगर जहां जाना था वहां पहुंचे एक साल पीछे यानी 2017 में। ऐसे में इन मुसाफिरों ने दो बार नया साल मना लिया। अब आप भी ये सुनकर चौंक गए होंगे कि आखिर ये माजरा क्या है? हवाईयन एयरलाइंस की फ्लाइट नंबर HAL 446, जिसे न्यूजीलैंड के ऑकलैंड से होनोलुलू जाना था, वो दस मिनट की देरी से उड़ी, मगर इसी दस मिनट में समय का सारा खेल हो गया।
इस फ्लाइट को ऑकलैंड के अंतरर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से स्थानीय समयानुसार रविवार रात को 11 बजकर 55 मिनट पर उड़ान भरनी थी। मगर दस मिनट देरी की वजह से फ्लाइट अगले दिन यानी सोमवार सुबह न्यूजीलैंड के समयानुसार 12 बजकर 5 मिनट पर उड़ान भर पाई। बात यहां तक तो ठीक थी, मगर ऑकलैंड से सोमवार को उड़ी ये फ्लाइट रविवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 1 बजकर 5 मिनट पर होनोलुलू पहुंचीं, यानी ये फ्लाइट उड़ी तो एक जनवरी को थी, मगर होनोलुलू वापस 31 दिसंबर को पहुंची। यानी एक साल पीछे। समय का ये फेर इसलिए हुआ, क्योंकि हवाई की राजधानी होनोलुलू ऑकलैंड से 23 घंटे पीछे है।
इसके बाद ट्वीटर पर इस वाकये को लेकर ट्वीट का दौर शुरू हो गया। किसी ने इस घटना को लेकर ट्विट किया कि अब बिना टाइम मशीन के भी समय से आगे और पीछे जाया जा सकता है, वो भी बिना उड़ने वाली कार के। किसी यूजर ने ट्विट करके मुसाफिरों पर ही चुटकी ले ली कि कहीं उन्होंने ही समय के इस फेर का मजा लेने के लिए फ्लाइट को दस मिनट लेट तो नहीं किया। वहीं कई यूजर्स भविष्य में बिना टाइम मशीन के इसे पूरा करने का सपना भी देखने लगे हैं।