Edited By Punjab Kesari,Updated: 06 Aug, 2017 11:15 AM
वेंकैया नायडू शनिवार को देश के 13वें उप-राष्ट्रपति चुन लिए गए। उन्होंने गोपाल कृष्ण गांधी को दोगुने से ज्यादा वोटों से हराया।
नई दिल्लीः वेंकैया नायडू शनिवार को देश के 13वें उप-राष्ट्रपति चुन लिए गए। उन्होंने गोपाल कृष्ण गांधी को दोगुने से ज्यादा वोटों से हराया। कुल 785 सांसदों में से 771 ने वोट डाला। जहां नायडू को 516 वोट मिले वहीं गांधी को 244 वोट मिले। पहला वोट नरेंद्र मोदी ने डाला। 98.20 प्रतिशत वोटिंग हुई। कुल 760 वैलिड वोट पड़े। 11 वोट अवैध घोषित किए गए। भाजपा के 37 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति पद पर ऐसे नेता चुने गए हैं जो पार्टी से जुड़े रहे हैं।
नायडू के बारे में खास बातें
- नेल्लोर के किसान परिवार से नायडू दो बार आंध्र प्रदेश में विधायक रहे। वे तीन बार कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य रहे। फिलहाल वे राजस्थान से राज्यसभा मेंबर हैं।
-वेंकैया आज तक लोकसभा चुनाव नहीं जीत पाए।
-वे सुबह 5.45 बजे उठते हैं। चाय, कॉफी और दूध कुछ भी नहीं लेेते।
-नायडू नॉनवेज के बेहद शौकीन हैं। देश में जब बीफ पर प्रतिबंध को लेकर बहस चल रही थी तब उन्होंने कहा था कि वे खुद भी मांसाहारी हैं और भोजन हर व्यक्ति की अपनी पसंद का विषय है।
-नायडू बैडमिंटन खेलने के भी शौकीन हैं। वह रोजाना आधा घंटा बैडमिंटन खेलते हैं।
-सफेद रंग नायडू का फेवरेट है। वह हमेशा चेन्नई से भेजी गई धोती ही पहनते हैं। वे अपने चुटीले वनलाइनर के लिए काफी फेमस हैं।
-नायडू को 15 साल पहले डायबिटीज हुई थी। उन्होंने डॉ. लकड़ावाला से बेरियाट्रिक सर्जरी करवाई जिसके बाद उनकी फिलहाल दवाई बंद है।
-मोदी कैबिनेट में नायडू के पास सूचना-प्रसारण और शहरी विकास मंत्रालय था। अटल सरकार में वे रूरल डेवलपमेंट मिनिस्टर रहे थे।
-वैंकैया ने शहरी विकास मंत्री रहते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं शुरु कीं जैसे- स्मार्ट सिटी, अटल मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और सभी के लिए आवास इनमें प्रमुख हैं। ‘प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना’ की शुरुआत में वेंकैया नायडू की अहम भूमिका थी।
-नायडू 2002-04 तक 2 साल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे। 2004 का लोकसभा चुनाव हारने के बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।