Edited By Punjab Kesari,Updated: 22 Aug, 2017 01:18 PM
ब्रिटेन में इस साल जनवरी से जून के बीच वीजा नियम तोड़ने वालों पर गाज गिरी है...
लंदनः ब्रिटेन में इस साल जनवरी से जून के बीच वीजा नियम तोड़ने वालों पर गाज गिरी है। ब्रटिश सरकार ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर चलाए गए एक अभियान के तहत 200 लोगों को गिरफ्तार किया है जिनमें अधिकतर भारतीय हैं। यह जानकारी ब्रिटेन के गृह मंत्रालय ने दी है। यह 'ऑपरेशन मैग्निफाई' का हिस्सा था। सरकार व खुफिया विभाग के नेतृत्व में जारी इस अभियान का मकसद ब्रिटेन में उच्च जोखिम वाले सैक्टरों में अवैध कामकाज को खत्म करना है।
गृह मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा, गिरफ्तार किए गए लोगों में अधिकतर भारतीय नागरिक हैं। मगर इनमें पाकिस्तान, अफगानिस्तान, चीन और अल्बामिया के लोग भी शामिल हैं। अभियान के दौरान इस साल के मध्य तक 200 लोगों को वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी रहने या अवैध रूप से ब्रिटेन में प्रवेश करने के लिए गिरफ्तार किया गया। गृह मंत्रालय ने कहा कि उन्हें देश से बाहर भेजने की तैयारी है।
ब्रिटेन सरकार के 'ऑपरेशन मैग्निफाई' को देश की कई एजेंसियों का समर्थन मिला है। अप्रवासन प्रवर्तन अधिकारियों और पुलिस को छापेमारी के दौरान ऐसे लोगों की पहचान करने के लिए प्रशिक्षित भी किया गया है, जो शोषण, मानव तस्करी और बंधुआ मजदूरी का शिकार हैं।