Edited By Punjab Kesari,Updated: 14 Oct, 2017 12:50 PM
ओडिशा के मैराथन बॉय बुधिया को आज हर कोई जानता है जिसने दौड़ से अपना नाम लिम्का बुक में दर्ज करवाने के साथ ही दुनियाभर में प्रसिद्धि पाई थी। अब उसी की तरह झारखंड का एक और बच्चा सामने आया है जिसने महज 8 वर्ष की उम्र में 28 किमी की मेराथन दौड़ पूरी की...
लोहरदगा: ओडिशा के मैराथन बॉय बुधिया को आज हर कोई जानता है जिसने दौड़ से अपना नाम लिम्का बुक में दर्ज करवाने के साथ ही दुनियाभर में प्रसिद्धि पाई थी। अब उसी की तरह झारखंड का एक और बच्चा सामने आया है जिसने महज 8 वर्ष की उम्र में 28 किमी की मेराथन दौड़ पूरी की है। जानकारी के अनुसार विकास भारती बिशुनपुर द्वारा वीरवार को झारखंड में आयोजित मैराथन में महज आठ साल आठ महीने के अनमोल ने 28 किलोमीटर की दूरी महज दो घंटे 15 मिनट में तय कर ली।
उसकी इस उपलब्धि के लिए विकास भारती बिशुनपुर की ओर से साइकिल और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। विकास भारती के सचिव पद्मश्री से सम्मानित अशोक भगत ने कहा कि संस्था की ओर से उसे हरसंभव मदद दी जाएगी। अनमोल को एक एथलीट के रूप में आगे बढ़ाने को लेकर उनकी संस्था राज्य सरकार से सहायता दिलाने का भी प्रयास करेगी। इस दौड़ में प्रथम स्थान पर रहे बुद्धेश्वर उरांव ने 28 किलोमीटर की दूरी दो घंटे सात मिनट में पूरी की।