Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Sep, 2017 07:43 PM
अनंतनाग में जुम्मे की नमाज के बाद भडक़ी हिंसा में 6 पुलिसकर्मियों सहित दो पुलिस अधिकारी बुरी तरह से घायल हो गए हैं।
श्रीनगर : दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिला में शुक्रवार को जुमा नमाज के बाद प्रदर्शनकारियों ने झड़पों के दौरान पुलिस वाहन को आग के हवाले कर दिया। अनंतनाग में जुम्मे की नमाज के बाद भडक़ी हिंसा में 6 पुलिसकर्मियों सहित दो पुलिस अधिकारी बुरी तरह से घायल हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने डीएसपी मोहम्मद यूसुफ की पिटाई की और उनकी बुलेट प्रूफ गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। घायलों को ईलाज के लिए अस्पताल भर्ती किया गया। माहौल उस समय समय खराब हो गया जब रोहिंग्या मुस्लिमों के हित में प्रदर्शन कर रही भीड़ उग्र हो गई और सुरक्षाबलों से जा भिड़ी।
वहीं, अलगाववादियों के प्रदर्शनों के मद्देनजर प्रशासन ने आज श्रीनगर के पुराने शहर में कई इलाकों में प्रतिबंध लगा दिए। इस दौरान हिंसा की आशंका के बाद रेल सेवाओं को भी निलंबित कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार अनंतनाग के लालचौक इलाके में जुमा नमाज के बाद लोगों ने रोहिंग्या मुसलमानों की हत्याओं के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को खदेडऩे के लिए सुरक्षाबलों ने आंसू गेस और पेलेट गन का इस्तेमाल किया। वहीं, गुस्साएं प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन (रक्षक) को आग के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार झड़पों दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, स्थिति नियंत्रण में हैं। उधर, म्यांमार में मुसलमानों की हत्या के विरोध में प्रदर्शनों को रोकने के लिए श्रीनगर के कई इलाकों में प्रतिबंध लगा दिया गया है। रैनावरी, खानयार, नौहट्टा, एम आर गंज और सफाकदल इलाकों में प्रतिबंध लागू किया गया है।
प्रशासन ने नौहट्टा इलाके में स्थित जामिया मस्जिद में जुमा की नमाज अदा करने की इजाजत नहीं देने का फैसला भी किया है। वरिष्ठ अलगाववादी नेता मीरवाईज फारूक ने प्रदर्शन आहूत किया है। विरोध प्रदर्शन में मीरवाइज को शामिल होने से रोकने के लिए उन्हें घर में नजरबंद रखा गया है। विरोध प्रदर्शन के लिए आहूत किए गए बंद के चलते घाटी में जन-जीवन आंशिक रूप से प्रभावित हुआ है। पांचों इलाकों में दुकानें सार्वजनिक परिवहन और अन्य व्यवसाय बंद रहे।