Edited By Punjab Kesari,Updated: 24 Aug, 2017 02:32 PM
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने निजता के अधिकार पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रत्येक भारतीय की जीत है।
नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने निजता के अधिकार पर उच्चतम न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह प्रत्येक भारतीय की जीत है। उन्होंने कहा कि उच्चतम न्यायालय का फैसला फासीवादी ताकतों को बड़ा झटका है। राहुल ने कहा कि निगरानी के जरिए दबाव डालने की विचारधारा को ठोस तरीके से खारिज किया गया।
आपको बतां दे कि उच्चतम न्यायालय ने आज अपना फैसला सुनाते हुए निजता के अधिकार को भारत के संविधान के तहत मौलिक अधिकार घोषित किया। प्रधान न्यायाधीश जे. एस. खेहर की अध्यक्षता वाली नौ सदस्यीय संविधान पीठ ने फैसले में कहा कि संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत दिए गए अधिकारों के अंतर्गत प्राकृतिक रूप से निजता का अधिकार संरक्षित है। संविधान पीठ के अन्य सदस्यों में न्यायमूर्ति जे चेलामेश्वर, न्यायमूर्ति एस ए बोबडे, न्यायमूर्ति आर के अग्रवाल, न्यायमूर्ति आर एफ नरीमन,न्यायमूर्ति ए एम सप्रे, न्यायमूर्ति डी वाई चन्द्रचूड, न्यायमूर्ति संजय किशन कौल और न्यायमूर्ति एस अब्दुल नजीर शामिल हैं और उन्होंने भी समान विचार व्यक्त किए।