Edited By Punjab Kesari,Updated: 31 Jul, 2017 06:36 PM
राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने पाबंदी के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी में प्लास्टिक के व्यापक और अंधाधुंध इस्तेमाल पर दिल्ली सरकार को फटकार लगाई है।
नई दिल्ली: राष्ट्रीय हरित अधिकरण ने पाबंदी के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी में प्लास्टिक के व्यापक और अंधाधुंध इस्तेमाल पर दिल्ली सरकार को फटकार लगाई है। एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति स्वतंत्र कुमार की अध्यक्षता वाली एक पीठ ने दिल्ली सरकार को निर्देश दिया कि वह उसके प्रतिबंध के आदेश को शहर में लागू करवाए और इस मामले में स्थिति रिपोर्ट पेश करे।
पीठ ने कहा कि प्लास्टिक पर प्रतिबंध का आदेश है। आप इसे सख्ती से लागू क्यों नहीं करा रहे हैं। पूरी दिल्ली में प्लास्टिक बैग बिखरे पड़े रहते हैं। आप इसपर अंकुश क्यों नहीं लगाते? दिल्ली सरकार की तरफ से पेश हुए वकील ने हालांकि कहा कि उन्होंने पहले ही शहर में प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगा रखा है और इस प्रतिबंध को सुनिश्चित करने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।