Edited By Punjab Kesari,Updated: 04 Nov, 2017 04:20 PM
नः अमरीका में एक सिख किशोर के साथ हेट क्राइम का मामला सामने आया है
वॉशिंगटनः अमरीका में एक सिख किशोर के साथ हेट क्राइम का मामला सामने आया है। अमरीका की राजधानी वॉशिंगटन में 14 साल के सिख लड़के को उसके क्लासमेट ने जमकर पीटा। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो सिख लड़के के पिता ने ये दावा किया है कि उनके बेटे को इसलिए निशाना बनाया गया, क्योंकि वो भारतीय मूल का है।पगड़ी पहने इस लड़के के साथ मारपीट की ये घटना वॉशिंगटन सिटी के केंट्रिज हाई स्कूल के पास हुई। घटना हफ्ता पहले की है, जिसके बाद से परिवार ने इसे लेकर अपना विरोध तेज कर दिया है।
सिख लड़के को उसकी क्लास में पढ़ने वाले लड़के ने जब मारा तो किसी साथी ने उसका वीडियो बना लिया, जिसे बाद में सोशल मीडिया साइट स्नैपचैट पर पोस्ट कर दिया। जिस वक्त सिख लड़के को पीटा जा रहा था, उस वक्त क्लास के कुछ बच्चे भी उसके पीछे मौजूद थे और बीच-बीच में वो भी लड़के को मुक्के मार रहे थे। इस वजह से लड़का जमीन पर गिर गया था। इस दौरान सिख लड़के ने खुद को बचाने की काफी कोशिश की।
हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने मारपीट के पीछे भारतीय होने की बात से इंकार किया है, बल्कि इसके लिए उन घृणास्पद भाषणों को जिम्मेदार ठहराया है, जो ऑनलाइन मौजूद हैं। वहीं स्कूल ने इसे बच्चों के बीच अक्सर होने वाला झगड़ा भी बताया है। इसके बाद भी पीड़ित सिख लड़के के पिता को इस बात का डर है कि उनके लड़के को इसलिए निशाना बनाया, क्योंकि वो भारतीय होने के साथ ही सिख समुदाय से आते हैं।