Edited By Punjab Kesari,Updated: 26 Sep, 2017 12:52 PM
अमरीका के पूर्व सेनेटर लैरी प्रेसलर का कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप भारत के लिए अब तक के इतिहास में सबसे बेहतर अमरीकी राष्ट्रपति साबित होंगे...
वॉशिंगटनः अमरीका के पूर्व सेनेटर लैरी प्रेसलर का कहना है कि डोनाल्ड ट्रंप भारत के लिए अब तक के इतिहास में सबसे बेहतर अमरीकी राष्ट्रपति साबित होंगे। लैरी का कहना है कि हाल ही में पाकिस्तान पर आतंकवादियों को पनाह देने के मामले में दबाव बनाने के बाद अब भारत और अमरीका को साथ मिलकर पाकिस्तान के परमाणु जखीरे पर हमला कर के उसे तबाह कर देना चाहिए।
लैरी ने बातचीत में कहा कि ऐसा संभव करने के लिए सबसे पहले ट्रंप को पेंटागन पर अंकुश लगाना होगा, जिसने हमेशा पाकिस्तान को शह दी है। लैरी के मुताबिक इसी बढ़ावे की वजह से पाकिस्तान में इतनी ताकत आई है कि उसने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत को 'आतंक की जननी' तक कह दिया। लैरी ने बताया कि ट्रंप का पेंटागन को 'दलदल' बताना एक अच्छा संकेत हैं, जिससे जल्द पेंटागन में सुधार होने की संभावना है।
तीन बार सेनेटर और 2 बार हाउस ऑफ रेप्रिजेंटटिव के सदस्य रहे 75 वर्षीय लैरी चर्चित प्रेसलर संशोधन के लिए जाने जाते हैं जिसके तहत 1990 में पाकिस्तान को दी जाने वाली अमरीकी सैन्य सहायता पर रोक लगी थी। रिपब्लिकन रहे प्रेसलर ने अपनी किताब 'नेबर्स इन आर्म्स' में अमेरिकी विदेश नीति में आए बदलावों पर चर्चा की है जिसके जरिए पाकिस्तान न्यूक्लियर हथियार विकसित कर पाया है।
प्रेसलर काफी समय से रिपब्लिकन पार्टी से खुद को अलग कर चुके हैं। उन्होंने साल 2014 में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था और साल 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में हिलरी क्लिंटन को समर्थन दिया था। ट्रंप से कई मतभेदों के बावजूद लैरी को लगता है कि ट्रंप इतने भी बुरे नहीं हैं जितना उनको अमरीकी मीडिया बताती है।
लैरी कहते हैं, 'आतंकवादियों के सुरक्षित पनाहगाह बनने पर पाकिस्तान को ट्रंप की चेतावनी व भारत से अफगानिस्तान में भूमिका बढ़ाने का निवेदन इसी बात का संकेत हैं कि रिश्तों को फिर से गढ़ने की शुरुआत हो गई है।' लैरी ने कहा, 'अमरीका को पाकिस्तान को एक आतंकवादी देश घोषित करना चाहिए, सभी तरह की आर्थिक मदद पर रोक लगानी चाहिए। साथ ही भारत और पाकिस्तान को एक तरह आंकना बंद कर देना चाहिए।