Edited By ,Updated: 13 Feb, 2016 10:00 PM
जेएनयू विवाद में भाजपा की आलोचना का शिकार बनी कांग्रेस ने आज पलटवार किया और नरेंद्र मोदी सरकार पर जेएनयू विरोधी होने का ...
नई दिल्ली: जेएनयू विवाद में भाजपा की आलोचना का शिकार बनी कांग्रेस ने आज पलटवार किया और नरेंद्र मोदी सरकार पर जेएनयू विरोधी होने का, इस संस्थान को बंद करने की मंशा रखने एवं वामपंथी एवं प्रगतिशील ताकतों को निशाना बनाने का आरोप लगाया।
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने ट्वीट किया, ‘‘यह सरकार जेएनयू विरोधी है और इस विश्वविद्यालय को बंद करना चाहती है। वह इसे वाम-उदारवादी एवं प्रगतिशील ताकतों को निशाना बनाने के लिए ट्रिगर के रूप में इस्तेमाल कर रही है। ’’ जेएनयू छात्रसंघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी का परोक्ष जिक्र करते हुए तिवारी ने कहा, ‘‘राजद्रोह का कानून बहुत स्पष्ट है और वह राजद्रोह कानून के तहत आरोपों को कभी साबित नहीं कर पाएंगे।’’
तिवारी ने कहा, ‘‘भाषण एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर तर्कसंगत सीमा लगी हुई है।’’ जेएनयू छात्रनेता की गिरफ्तारी की आलोचना करने पर राहुल गांधी एवं अन्य विपक्षी नेताओं पर प्रहार करते हुए भाजपा ने आरोप लगाया था कि वे आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा की भाषा बोल रहे हैं जो शहीदों का अपमान है और राष्ट्रविरोधी ताकतों का मनोबल बढ़ाएगा।