Edited By Punjab Kesari,Updated: 21 Aug, 2017 11:50 AM
कांग्रेस संगठन में चल रहे बदलावों के दौर में रविवार को फिर एक बड़े नेता के पार्टी छोड़ने की चर्चा गरमाई रही। यह नाम था पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल का।
नई दिल्ली: कांग्रेस संगठन में चल रहे बदलावों के दौर में रविवार को फिर एक बड़े नेता के पार्टी छोड़ने की चर्चा गरमाई रही। यह नाम था पार्टी के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल का। दरअसल सिब्बल ने अचानक कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी को अपने ट्विटर अकाऊंट पर अनफॉलो कर दिया। मामला तूल पकड़ने लगा तो उन्होंने फिर दोनों को जोड़ लिया। वहीं मीडिया ने जब प्रतिक्रिया जाननी चाही तो उन्होंने बताया कि उनके आई-पैड पर काम करते हुए उनके स्टाफ की गलती से ऐसा हो गया था। सिब्बल के कांग्रेस छोडऩे को लेकर चर्चा ने उस समय जोर पकड़ा जब हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंद्र सिंह हुड्डा के भी पार्टी छोडऩे की चर्चाएं गरमाई हुई थीं।
शाम होते-होते हुड्डा की तरफ से बयान जारी कर चर्चाओं का खंडन कर दिया गया तो सिब्बल ने भी अपना ट्विटर अकाऊंट स्टेट्स अपडेट करते हुए ऑफिस ऑफ आर.जी. और कांग्रेस को फॉलो करना शुरू कर दिया लेकिन जल्दबाजी में सिब्बल कांग्रेस के अधिकारिक अकाऊंट कांग्रेस एट आई.एन.सी. इंडिया की बजाय इंडियन नैशनल कांग्रेस एट आई.एन.सी. फुलंबरी, औरंगाबाद को जोड़ लिया। इसके पहले पूरे दिन सिब्बल के ट्विटर अकाऊंट स्टेट्स में केवल 5 फॉलोइंग दिख रही थीं, जिनमें टीम सिब्बल, पी. चिदम्बरम, बरखा दत्त, राजदीप सरदेसाई और अहमद पटेल ही थे। शाम को आर.जी. और इंडियन नैशनल कांग्रेस फुलंबरी के जुडऩे से फॉलोइंग आंकड़ा 7 हो गया।