Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Jun, 2017 12:37 AM
मध्य कश्मीर के बडगाम जिला में शनिवार देर शाम आतंकियों ने केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) के वाहन पर गोलीबारी करके हमला कर दिया जिसमें सी.आर.पी.एफ. के तीन जवान घायल हो गए।
श्रीनगर : मध्य कश्मीर के बडगाम जिला में शनिवार देर शाम आतंकियों ने केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सी.आर.पी.एफ.) के वाहन पर गोलीबारी करके हमला कर दिया जिसमें सी.आर.पी.एफ. के तीन जवान घायल हो गए। घटना की पुष्टि करते हुए पुलिस ने कहा कि बडग़ाम में ड्यूटी देने के बाद हुमहामा में उनके कैंप की ओर लौट रहे सी.आर.पी.एफ. की 174वीं बटालियन के जवानों पर मोटरसाइकल पर सवार आतंकियों ने जिला के डोनीवारा इलाके में गोलीबारी करके हमला कर दिया।
आतंकियों की गोलीबारी में कम से कम तीन जवान घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल शिफ्ट कर दिया गया हैं। वहीं, घटना के तुरन्त बाद अतिरिक्त सुरक्षाबलों को मौके पर रवाना कर दिया। इस संबंध में पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि किसी भी तरह के हताहतों की उनको जानकारी नहीं। उनको यकीन हैं कि गश्ती दल उनके कैंप में पहुंच गया है।
अंतिम जानकारी मिलने तक सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर कर हमलावारों की तलाश शुरु कर दी है।