Edited By ,Updated: 28 Mar, 2017 08:15 PM
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आज जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्म संघ अणुव्रत महासमिति ने सर्वोच्च सम्मान अणुव्रत पुरस्कार 2016 से सम्मानित किया गया।
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को आज जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्म संघ अणुव्रत महासमिति ने सर्वोच्च सम्मान अणुव्रत पुरस्कार 2016 से सम्मानित किया गया। पटना शहर स्थित श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अणुव्रत समिति की ओर से एक लाख, 51 हजार रुपए का चेक नीतीश को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए भेंट किया गया। अणुव्रत पुरस्कार विशिष्ट ख्याति प्राप्त व्यक्तियों को दिया जाता है। इससे पहले यह सम्मान पूर्व राष्ट्रपति शंकर दयाल शर्मा, पूर्व उपराष्ट्रपति भैरो सिंह शेखावत, पूर्व प्रधानमंत्री गुलजारी लाल नन्दा आदि अतिविशिष्ट व्यक्तियों को दिया गया था।
नीतीश बोले यह बिहारवासियों का सम्मान
समारोह को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा कि आज जो यह अणुव्रत पुुरस्कार 2016 मिला है, यह उनका सम्मान नहीं बल्कि यह बिहारवासियों का सम्मान है। नीतीश ने अपने संबोधन के दौरान आचार्य महाश्रमण से कहा कि बिहार में शराबबंदी एवं नशामुक्ति को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से अहिंसा यात्रा के क्रम में उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि शराबबंदी से बिहार में सामाजिक परिवर्तन की बुनियाद पड़ी है।
उन्होंने कहा कि लोगों की इच्छा के अनुरुप शराबबंदी लागू की गई, जो जन सहयोग से कामयाब हो रहा है। नीतीश ने अणुव्रत आन्दोलन से जुड़े सभी लोगों से अपील की कि शराबबंदी का यह अभियान सभी जगह चलना चाहिये। इस अवसर पर राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए कहा कि पूर्ण शराबबंदी का राज्य सरकार का निर्णय एक ऐतिहासिक साहसिक एवं सामाजिक सुधार की दिशा में अत्यंत क्रांतिकारी निर्णय है।