Edited By ,Updated: 17 Nov, 2016 07:55 AM
अभी तक चंडीगढ़ का फर्नीचर ही विदेशों में नीलाम किया जाता था, लेकिन 8 दिसम्बर को शहर की पहचान पर विदेशी बोली लगाएंगे।
चंडीगढ़(विजय) : अभी तक चंडीगढ़ का फर्नीचर ही विदेशों में नीलाम किया जाता था, लेकिन 8 दिसम्बर को शहर की पहचान पर विदेशी बोली लगाएंगे। शिकागो के ‘राइट’ ऑक्शन हाऊस में इस बार ओपन हैंड मॉन्यूमैंट को बेचा जाएगा। यह वही ओपन हैंड है, जिसे 1964 में चंडीगढ़ को डिजाइन करने वाले फ्रैंच आर्कीटैक्ट ली-कार्बूजिए ने तैयार करवाया था। ऑक्शन हाऊस में ओपन हैंड के दो डिजाइन रखे गए हैं। जिसका रिजर्व प्राइस 20000 से 30000 डॉलर्स रखा गया है। खास बात यह है कि यह पहला मौका है, जब किसी भी ऑक्शन हाऊस में चंडीगढ़ की शान ओपन हैंड मॉन्यूमैंट पर विदेशों में बोली लगाई जाएगी। पहला मॉडल काव्र्ड टीक का है जबकि दूसरा कास्ट मैटल का है। ये दोनों मॉडल ली-कार्बूजिए के मार्गदर्शन में तैयार किए गए थे, जिसे उन्होंने दिल्ली के हबीब रहमान को गिफ्ट किया था, लेकिन वहां से ये दोनों मॉडल ऑक्शन हाऊस तक पहुंच गए।
रतन सिंह ने तैयार किए थे :
ओपन हैंड मॉन्यूमैंट्स के इन दोनों मॉडल्स को ली-कार्बूजिए ने ज्ञानी रतन सिंह से तैयार करवाया था। रतन सिंह चीफ आर्कीटैक्ट ऑफिस में मॉडलर के तौर पर काम करते थे। गौरतलब है कि 2011 में यू.टी. पुलिस ने रतन सिंह के बेटे जसविंद्र सिंह को गिरफ्तार किया था। उस समय ज्वाइंट सैक्रेटरी (होम) अभिषेक देव ने अपनी इंक्वायरी रिपोर्ट में बताया था कि जसविंद्र सिंह ने 1990 के दौर में शहर की हैरीटेज आइटम्स को फ्रांस में बेचा था।
लंदन में भी होगी नीलामी :
चंडीगढ़ के हैरीटेज फर्नीचर की किस कदर डिमांड है, इसका अंदाजा इस बात से ही लगाया जाता है कि नवम्बर के महीने में भी लंदन के आर्ट क्यूरियल ऑक्शन हाऊस में चंडीगढ़ के फर्नीचर की नीलामी की जाएगी। 29 नवम्बर को इस ऑक्शन में केवल फर्नीचर ही नहीं बल्कि मैनहोल कवर भी बेचा जाएगा। जिनकी एस्टीमेट कॉस्ट 8 हजार से 90 हजार यूरो तक बताई जा रही है। यह वही फर्नीचर है जो किसी जमाने में चंडीगढ़ के सरकारी विभागों की शान बढ़ाता था। ली-कार्बूजिए और उनके कजन पियरे जेनरे ने इन फर्नीचर को डिजाइन किया था।
ये फर्नीचर रखे गए ऑक्शन में :
फर्नीचर यहां रखे थे अनुमानित कीमत (यूरो)
कमेटी चेयर प्रशासनिक भवन 15000-25000
राइटिंग टेबल कैपीटल काम्पलैक्स 70000-90000
एडवोकेट एंड प्रैस चेयर उच्च न्यायालय 12000-15000
रीडिंग टेबल पी.यू. का पुस्तकालय 50000-70000
केन चेयर प्रशासनिक भवन 18000-22000
कमेटी चेयर प्रशासनिक भवन 15000-25000
मैनहोल कवर सार्वजनिक स्थल 10000-15000
स्टूल की जोड़ी कॉलेज ऑफ आर्कीटैक्चर 8000-12000
टेबल ज्ञानी रतन सिंह कार्यशाला 8000-12000