Edited By ,Updated: 06 May, 2017 11:51 AM
वीरवार को शोपियां जिले में काम्बिंग आपरेशन से लौट रहे जवानों पर जिन आतंकियों ने हमला किया है, उनके खिलाफ पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
श्रीनगर : वीरवार को शोपियां जिले में काम्बिंग आपरेशन से लौट रहे जवानों पर जिन आतंकियों ने हमला किया है, उनके खिलाफ पुलिस को अहम सुराग मिले हैं। पुलिस ने मौके से एक डायरी और मोबाइल फोन बरामद किया है। यह महत्वपूर्ण सबूत माने जा रहे हैं। इनमें से तीन आतंकियों के बारे में जानकारी मिली है।
मिली जानकारी के अनुसार मौके से जो सबूत मिले हैं, उनमें तीन तीन स्थानीय आतंकियों का रेफरेंस मिला है और साथ ही कुछ भूमिगत कार्यकर्ताओं के नम्बर भी मिले हैं। इन लोगों ने हमला करने में दहशतगर्दों का साथ दिया है। शोपियां के एसपी ताहिर खान ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि अब्बास, इशफाक अहमद ठोकर और गियास-उल-असलाम के नाम मिले हैं। उन्होंने बताया कि इनके द्वारा स्थापित किए गए लिंक्स के बारे में भी पता चला है।
गौरतलब है कि वीरवार को आतंकियों ने घात लगाकर सेना की पार्टी पर हमला किया जिसमें एक सूमो चालक की मौत हो गई जबकि तीन जवान घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि आतंकियों की तलाश जारी है।