Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Aug, 2017 07:04 PM
राहुल गांधी के रणनीतिकार और पार्टी वार रूम के सदस्य आशीष कुलकर्णी ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कुलकर्णी ने अपने इस्तीफे की कई ...
अहमदाबाद: राहुल गांधी के रणनीतिकार और पार्टी वार रूम के सदस्य आशीष कुलकर्णी ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। कुलकर्णी ने अपने इस्तीफे की कई वजहें गिनाईं। आशीष ने पार्टी की विचारधारा में बदलाव, मैनेजमेंट में गड़बड़ी और कांग्रेस की प्रोपगैंडा मशीनरी को जिम्मेदार ठहराया है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भेजे गए तीन पेज के इस्तीफे में पार्टी नेतृत्व पर अपनी भड़ास निकाली है। कुलकर्णी ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस अब विचारधारा के तौर पर खुद को वामपंथ के नजदीक ले जाने लगी है और पार्टी कश्मीरी अलगाववादियों का समर्थन करने लगी है।
आशीष कुलकर्णी ने कांग्रेस पर जेएनयू में चल रहे कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी प्रदर्शनों का समर्थन करने और तुष्टीकरण की राजनीति करने का भी आरोप लगाया है। आशीष कुलकर्णी ने कहा कि कांग्रेस कभी वामपंथ और दक्षिणपंथ के बीच की विचारधारा पर चलने वाली पार्टी हुआ करती थी लेकिन वही पार्टी अब कम्युनिस्टों, तृणमूल कांग्रेस जैसी हिन्दू विरोधी पार्टी बनती जा रही है।
कुलकर्णी ने अपने पत्र में महाराष्ट्र, असम, गोवा, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश में पार्टी की हार के लिए कुप्रबंधन और पार्टी की निष्क्रियता को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश और गुजरात के चुनाव से पहले भी पार्टी यही निष्क्रियता दुहरा रही है।