Edited By Punjab Kesari,Updated: 21 Nov, 2017 01:43 PM
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने सोमवार को यहां प्रतिष्ठित राजकोट पश्चिमी विधानसभा सीट से अपना पर्चा दाखिल करते समय अपने पास 9.08 करोड़ रुपए की संपत्ति होने की घोषणा की। इस सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार इंद्रानील राज्यगुरु ने अपने पास 141.22...
राजकोट: गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने सोमवार को यहां प्रतिष्ठित राजकोट पश्चिमी विधानसभा सीट से अपना पर्चा दाखिल करते समय अपने पास 9.08 करोड़ रुपए की संपत्ति होने की घोषणा की। इस सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार इंद्रानील राज्यगुरु ने अपने पास 141.22 करोड़ रुपए की संपत्ति होने की घोषणा की है। रुपानी की संपत्तियों में उनकी पत्नी के नाम की चल-अचल संपत्तियां भी शामिल हैं।
रुपानी की संपत्ति में हुआ इजाफा
वर्ष 2014 में जब वह उपचुनाव लड़े थे तब उन्होंने 7.21 करोड़ रुपए की संपत्ति का मालिक होने की घोषणा की थी। हलफनामे के अनुसार मुख्यमंत्री के पास नकद और गहने मिलाकर 3.45 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है जबकि उनकी पत्नी अंजलिबेन के पास 1.97 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है।
रुपानी 3.83 लाख रुपए के आभूषण के मालिक और उनकी पत्नी 14.11 लाख रुपए के गहने की मालकिन हैं। उनके पास इनोवा कार और पत्नी के पास मारुति वैगन आर कार हैं। रुपानी दंपति के पास 3.65 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति हैं जिनमें भूखंड और आवासीय संपत्तियां आदि शामिल हैं। वर्ष 2016-17 के आईटी रिटर्न के अनुसार रुपानी की वार्षक आय 18.01 लाख रुपए है जबकि उनकी पत्नी की वार्षिक आय 3.37 लाख रुपए है। रुपानी के कांग्रेस प्रतिद्वंद्वी राज्यगुरु 2012 के गुजरात विधानसभा चुनाव में दूसरे सबसे अमीर उम्मीदवार थे। उस वक्त उनके पास 122 करोड़ रुपए की संपत्ति थी।