Edited By ,Updated: 20 Apr, 2017 08:20 PM
एअर इंडिया के एक कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में प्रतिबंध हटने के बाद शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ पहली बार विमान में सवार हुए।
नई दिल्ली: एअर इंडिया के एक कर्मचारी के साथ मारपीट के मामले में प्रतिबंध हटने के बाद शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ पहली बार विमान में सवार हुए। गायकवाड़ वीरवार शाम 4.15 बजे हैदराबाद से दिल्ली जा रही फ्लाइट पर सवार हुए। गायकवाड़ ने पुणे से दिल्ली की एअर इंडिया की फ्लाइट में एयरलाइंस कर्मचारी की पिटाई कर दी थी। गायकवाड़ ने खुद कहा था कि उन्होंने चप्पलों से स्टाफ को पीटा है। शिवसेना सांसद की इस हरकत के बाद देश भर में उनकी आलोचना हुई थी। गायकवाड़ के इस व्यवहार के चलते एयर इंडिया सहित दूसरी विमानन कंपनियों ने उनकी विमान यात्रा पर पाबंदी लगा दी थी।
नतीजतन सांसद 24 मार्च के बाद से किसी विमान पर सवार नहीं हो पाए थे। इस घटना से नाराज एआई ने रवींद्र गायकवाड़ का दिल्ली से महाराष्ट्र वापसी का टिकट भी कैंसल कर दिया था। कंपनी के समर्थन में निजी एयरलाइंस ने भी उनके टिकट बुक करने पर रोक लगा दी थी। बाद में यह मामला संसद में उठा और शिवसेना ने अपने सांसद पर लगी पाबंदी पर सख्त नाराजगी जताई। इसके बाद गायकवाड़ ने अपने इस व्यवहार के लिए माफी मांगी, जिसके बाद एयरलाइंस कंपनियों ने उनकी विमान यात्रा से प्रतिबंध हटा लिया था।