Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Feb, 2018 11:21 AM
झारखंड की मुख्य सचिव राजबाला वर्मा 28 फरवरी को सेवानिवृत होने जा रही है। उनके स्थान पर 21वें नए मुख्य सचिव के रूप में सुधीर त्रिपाठी के नाम पर सरकार ने सहमति जताई है।
रांचीः भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1985 बैच के अधिकारी सुधीर त्रिपाठी को झारखंड का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के अवर सचिव अरूण कुमार सिन्हा ने आज यहां बताया कि वर्तमान सचिव राजबाला वर्मा के आज सेवानिवृत्त होने के बाद त्रिपाठी राज्य के मुख्य सचिव होंगे।
इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है। राज्य के गृह सचिव एसकेजी रहाटे को अपने कार्यो के अलावा कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें राजधानी रांची स्थित श्रीकृष्ण लोक प्रशासन संस्थान के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं, कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग, झारखंड में प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत निधि खरे को स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। गौरतलब है कि मुख्य सचिव राजबाला वर्मा का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है, नए मुख्य सचिव को आज ही पदभार ग्रहण करना है।