Edited By ,Updated: 07 Apr, 2017 06:55 PM
बिहार भाजपा विधान मंडल दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से
पटना: बिहार भाजपा विधान मंडल दल के नेता एवं पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मंत्रिमंडल में शामिल राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के दोनों पुत्र उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और पर्यावरण एवं वन मंत्री तेज प्रताप यादव को गलत तरीके से अरबोंरुपए की बेनामी संपत्ति हस्तगत किए जाने को लेकर तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।
मोदी ने यहां पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मिट्टी खरीद घोटाले से संबंधित दस्तावेजों को जारी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नैतिकता की बात करते हैं और उनके ही मंत्रिमंडल में शामिल राजद अध्यक्ष यादव के पुत्र और उप मुख्यमंत्री तेजस्वी तथा पर्यावरण एवं वन मंत्री तेज प्रताप पर गलत तरीके से साढ़े सात सौ करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति हस्तगत करने का मामला सामने आया है।
भाजपा नेता ने कहा कि 25 फरवरी 2005 को तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने हर्ष कोचर को झारखंड के रांची और ओड़ीसा के पुरी स्थित रेलवे के 2 होटल को बेचे जाने के बदले में पटना के सगुना मोड़ के निकट 2 एकड़ से अधिक जमीन बेनामी तरीके से डिलाईट मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड के नाम निबंधन करवा लिया। राजद के 5 बार से राज्यसभा सदस्य रह रहे प्रेम गुप्ता की कंपनी डिलाइट के नाम से इस जमीन का निबंधन कराया गया था।