Edited By Punjab Kesari,Updated: 28 Sep, 2017 11:53 AM
बच्चों को शोर मचाने से मना करने पर हुई मामूली कहा सुनी ने खौफनाक रूप धारण कर लिया। एक कलयुगी बहू ने पहले अपनी अपाहिज,........
मंडावली(ब्यूरो): बच्चों को शोर मचाने से मना करने पर हुई मामूली कहा सुनी ने खौफनाक रूप धारण कर लिया। एक कलयुगी बहू ने पहले अपनी अपाहिज, सास पर लकड़ी के पाए से जानलेवा हमला कर उन्हेें पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इतना ही नहीं आरोपी बहू कंचन कपूर ने अधमरी हालत में बेहोश हुई अपनी 60 वर्षीय सास स्वर्णा देव को मरा हुआ समझ कर सरसों का तेल डाल कर उन्हे जिंदा ही आग के हवाले कर दिया। दिल को दहला देने वाली यह वारदात पूर्वी दिल्ली के मंडावली की है। पुलिस ने आरोपी बहू को हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
हादसे का रूप देना चाहती थी बहू
बुजुर्ग महिला स्वर्णा कपूर मंडावली में अपने बेटे सुमित, बहु कंचन और उनके तीन बच्चों के साथ रहती थी। महिला पैरों से अपाहिज थी। बुजुर्ग महिला ग्राउंड फ्लोर पर, जबकि बेटा दूसरी मंजिल पर रहता है और मैकडोनाल्ड में जॉब करता है। मंगलवार रात बच्चों के शोर मचाने को लेकर सास व बहु के बीच झगड़ा हुआ था। इसी दौरान महिला ने सास पर लकड़ी के पटरे से हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। महिला को मरा समझ शव को जलाकर इसे हादसे का रूप देना चाहती थी, लेकिन उसे केरोसिन ऑयल नहीं मिला। महिला ने शव पर सरसों का तेल डालकर आग लगा दी।
पति को फोन किया, मां को कुछ हो गया है...
वारदात को अंजाम देने के बाद कंचन ने रात 10 बजे के करीब अपने पति सुमित को फोन करके बताया कि माता जी कमरे से बाहर नहीं निकल रही हैं। उन्हें कुछ हो गया है। कुछ देर बाद सुमित अपने घर पहुंचे तो उन्होंने अपनी मां को मृत पाया। तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच चुकी थी। बुजुर्ग महिला कमरे से बाहर बरामदे में किचन के बाहर नीचे फर्श पर पड़ी हुई थी। महिला के कपड़ों के अलावा पैर भी मामूली रूप से झुलसे हुए थे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शुरुआती छानबीन में पुलिस को बहु कंचन पर शक हुआ तो उन्होंने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, आरोपी ने अपना जूर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने कंचन को गिरफ्तार कर लिया है।