Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Jul, 2017 01:10 PM
अमरीका जाने वाले या वहां बसने वाले भारतीयों के लिए बड़ी राहत की खबर है
वाशिंगटनः अमरीका जाने वाले या वहां बसने वाले भारतीयों के लिए बड़ी राहत की खबर है। एच-1बी आवेदनों के लिए प्रीमियम प्रक्रिया फिर से शुरू होने जा रही है। इस संबंध में अमरीकी नागरिकता एवं आव्रजन सेवा ने अधिसूचना जारी की है। प्रीमियम प्रकिया के जरिए एच-1बी वीजा आवेदनों को तेजी से आगे बढ़ाया जाता है।
औसतन एच-1बी वीजा को मंजूरी मिलने में तीन से छह महीने का समय लगता है। हालांकि नियोक्ता कंपनियों की ओर से 1,225 डॉलर का प्रीमियम अदा करने पर यह वीजा 15 दिन में ही जारी कर दिया जाता है। अमरीका ने इसी प्रीमियम प्रक्रिया को छह महीने के लिए रोक दिया था। अब यह फिर से शुरू होने जा रही है।
अमरीका हर साल करीब 65 हजार एच-1बी वीजा जारी करता है। इसके अलावा 20 हजार अतिरिक्त वीजा उनको दिया जाता है, जिन्होंने अमेरिका से एडवांस डिग्री हासिल की है। एच-1बी वीजा का सबसे ज्यादा लाभ भारत के आईटी सैक्टर को होता है।