कहीं आप भी चॉकलेट के दीवाने हैं। अगर हां, तो हो सकता है कि आप भी मादक पदार्थों के नशे की तरह ही चॉकलेट के नशे के आदी हो जाएं। मिशिगन विश्वविद्यालय की एक स्टडी में कहा गया है कि चॉकलेट का हमारे दिमाग पर वैसा ही प्रभाव पड़ता है जैसा अफीम का पड़ता है।

अध्ययन में बहुत ज्यादा मोटे लोगों और नशे के आदी लोगों के बीच भी गहरी समानता पाई गई है। दरअसल, हमारे दिमाग में पाये जाने वाला एक रसायन ‘एन्केफैलिन’ वास्तव में एक एन्ड्रोफिन है जिसके गुण अफीम से मिलते-जुलते हैं।

खबरों के अनुसार, चूहों पर प्रयोग के दौरान अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि चॉकलेट खाने के बाद उनके दिमाग में एन्केफैलिन की मात्रा बढ़ गई।

मुख्य अनुसंधानकर्ता डॉ एलेग्जेंड्रा डीफेलिसेन्टोनियो ने बताया ‘हमने दिमाग के एक भाग ‘डॉर्सल नियोस्ट्रियेटम’ का परीक्षण किया और पाया कि जब अत्यधिक मोटे लोग भोजन देखते हैं और जब नशे के आदी लोग नशीली दवाएं देखते हैं तो ‘डॉर्सल नियोस्ट्रियेटम’ सक्रिय हो जाता है’।