कोलंबो: टवंटी 20 विश्वकप में शुक्रवार को विजयी आगाज करने वाले गत चैंपियन इंग्लैंड के कप्तान स्टुअर्ट ब्राड का कहना है कि अफगानिस्तान को हराने के बाद अब भारतीय टीम उनके निशाने पर है। ब्राड ने अफगानिस्तान को 116 रन के विशाल अंतर से हराने के बाद कहा ‘अगले मैच में हम और जोश से खेलेंगे।
अफगानिस्तान के बाद अब हम टीम इंडिया के खिलाफ जीत दर्ज करना चाहते हैं। हम इसी अंदाज में टूर्नामेंट में अपने खिताब का बचाव करना चाहते हैं।’ उल्लेखनीय है कि ब्राड ही वह गेंदबाज हैं जिनके एक ओवर में वर्ष 2007 के टवंटी 20 विश्वकप में भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह ने लगातार छह छक्के जडे थे। ब्राड रविवार को भारत के खिलाफ होने वाले ग्रुप ए के मैच में कमबैक मैन युवराज को अपना शिकार बनाने को बेताब होंगे। युवराज और ब्राड को आमने सामने देखना बहुत रोमांचक होगा।
ब्राड ने कहा ‘हमने अफगानिस्तान के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की। ल्यूक राइट ने बेहतरीन पारी खेली। हमने शुरुआत में अच्छी गेंदबाजी की लेकिन टवंटी 20 में आप प्रतिद्वंद्वी को आखिरी ओवरों में कुछ रन हमेशा अधिक दे देते हैं। हमने शानदार जीत दर्ज की।’ शानदार फार्म में चल रहे राइट ने अफगानिस्तान के खिलाफ 55 गेंदों पर आठ चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 99 रन की तूफानी पारी खेली।