पॉप गायिका शकीरा ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि वह गर्भवती हैं। पैंतीस वर्षीया शकीरा के बॉयफ्ऱेंड स्पेन के मशहूर फ़ुटबॉल खिलाड़ी 25 वर्षीय जेरार्ड पीके हैं और इन दोनों की ये पहली संतान होगी। ग्रैमी अवॉर्ड विजेता कोलंबियाई गायिका अपने सभी कार्यक्रम स्थगित कर रही हैं और अब वह शुक्रवार को लास वेगास के आइहार्ट रेडियो म्यूज़िक उत्सव में भी शामिल नहीं हो पाएंगी।
शकीरा ने कहा, ‘‘इस समय हमने अपनी ज़िंदग़ी के इस ख़ास मौक़े को वरीयता देने का फ़ैसला किया है और अगले कुछ दिनों के सारे कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं।’’ शकीरा ने अभी ये नहीं बताया है कि बच्चे की पैदाइश के लिए अनुमानित समय क्या है। उन्होंने इससे पहले 2009 में एक इंटरव्यू में कहा था कि अब वह संतान के लिए तैयार हैं.शकीरा और पीके ने मार्च 2011 में अपने रिश्ते की पुष्टि की थी। पीके बार्सिलोना फ़ुटबॉल क्लब के लिए खेलते है।