नई दिल्ली: एक अध्ययन की मानें तो हमारे देश में 7,730 ऐसे लोग हैं, जिनकी कुल कमाई को अगर जोड़ दिया जाए, तो वह 925 बिलियन डॉलर (करीब 9,250 करोड़ डॉलर) बैठेगी। जबकि पिछले साल अल्ट्रा हाई नेट वर्थ (यूएचएनडब्ल्यू) की श्रेणी में आने वाले लोगों की संख्या 8,215 थी, जिनकी कुल संपत्ति 980 बिलियन डॉलर थी। एक वैश्विक धन पूर्वेक्षण कंपनी वेल्थ एक्स द्वारा कराई गई स्टडी वल्र्ड अल्ट्रा वेल्थ रिपोर्ट 2012-13 के अनुसार भारत में 7,730 उच्च कमाई वाले लोग हैं, जिनमें से 109 अरबपति हैं।


औसतन प्रति अरबपति की संपत्ति 1.7 बिलियन डॉलर (170 करोड़ रुपये) है। यूएचएनडब्ल्यू की दुनिया में कुल आबादी की बात करें, तो यह 0.6 फीसदी की औसत से बढ़ रही है। मौजूदा समय में पूरी दुनिया में एक लाख 87 हजार 380 लोग इस श्रेणी में आते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक आर्थिक समस्याओं के चलते पिछले एक साल में एशिया में खासतौर से जापान, चीन और भारत में इस वर्ग में गिरावट आई है। यूएचएनडब्ल्यू जनसंख्या मूलत: अर्थव्यवस्था और सरकारी नीतियों के निर्देश पर ही निर्भर रहती है।


चूंकि भारत में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की धीमी रफ्तार और भारतीय इक्विटी मार्केट में 8 फीसदी की गिरावट और भारतीय रुपये में 25 फीसदी तक की गिरावट से यूएचएनडब्ल्यू जनसंख्या और उनकी संपत्ति प्रभावित हुई है। भारत में उस ग्रुप के प्रतिनिधि सबसे ज्यादा हैं, जिनकी कुल कमाई 30 मिलियन डॉलर से 49 मिलियन डॉलर के बीच है। यह स्टडी का सबसे निचला पायदान है। भारत में यह ग्रुप कुल संख्या का 45.7 फीसदी है।