अहमदाबाद: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने आज गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की राहुल गांधी पर टिप्पणी करने के लिए आलोचना की। शर्मा ने कहा, ‘‘मोदी धबराए हैं और अपना संतुलन खो चुके हैं।’’शर्मा ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘राहुल गांधी के बारे में टिप्पणी की गई थी कि उन्हें दूसरे देश से चुनाव लडऩा चाहिए। क्यों। इस देश की जनता ने उन्हें निर्वाचित किया है।


ये टिप्पणियां गैर जरूरी हैं और यह दर्शाता है कि मोदी उद्विग्न हैं और अपना संतुलन खो चुके हैं।’’ कांग्रेस ने हाल में कहा था कि राहुल गांधी का राष्ट्रीय कद है जबकि मोदी क्षेत्रीय नेता हैं। इसपर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मोदी ने कहा था कि राहुल अंतरराष्ट्रीय नेता जो इटली में भी चुनाव लड़ सकते हैं।


शर्मा ने कहा, ‘‘राहुल गांधी ने कभी नहीं कहा कि वह भारत का प्रधानमंत्री बनना चाहते हैं। उन्होंने अपने कार्य को जनता और संगठन को समर्पित किया है। वह ऐसे नेता हैं जो तीन-चार लाख मतों के अंतर से निर्वाचित होते हैं।’’ शर्मा ने कहा, ‘‘अगर मोदी वाकई अपना संतुलन खो चुके हैं तो यह न सिर्फ गुजरात के लिए बल्कि पूरे देश के लिए बेहद गंभीर मामला है।’’


शर्मा ने कहा, ‘‘मैं उन्हें एक सलाह देना चाहूंगा। अगर वह सोचते हैं कि उनका कद इतना बड़ा है, उनकी विचारधारा महान है, तो यद्यपि मैं उन्हें देश के बाहर जाने का सुझाव नहीं दूंगा क्योंकि वह कुछ देशों में जाने में सक्षम नहीं होंगे, उन्हें चुनाव लडऩे के लिए उत्तर प्रदेश या बिहार जाने दें।’’उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी गुजरात में चुनाव लड़ सकते हैं और जीत भी सकते हैं। लेकिन अगर वह :मोदी: बिहार से चुनाव लडऩे का साहस करते हैं तो उन्हें सोचना चाहिए कि नीतीश कुमार कैसे प्रतिक्रिया व्यक्त करेंगे।’’