Edited By ,Updated: 30 Jan, 2015 05:16 PM
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने अपनी वरिष्ठ नेता जयंती नटराजन के आरोप को गलत करार देते हुए आज कहा कि मनमोहन सिंह सरकार में सभी मंत्रियों को निर्णय लेने की पूर्ण स्वतंत्रता थी।
नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने अपनी वरिष्ठ नेता जयंती नटराजन के आरोप को गलत करार देते हुए आज कहा कि मनमोहन सिंह सरकार में सभी मंत्रियों को निर्णय लेने की पूर्ण स्वतंत्रता थी। मनमोहन सिंह सरकार में पर्यावरण मंत्री रही नटराजन ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यालय पर वेदांता, अडानी तथा निरमा उद्योग समूह की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को पर्यावरण स्वीकृति नहीं देने का निर्देश देने तथा उनकी छवि को खराब करने के लिए एक सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान चलाने का गंभीर आरोप लगाते हुए पार्टी छोड़ दी।
उन्होंने कांग्रेस में लोकतंत्र खत्म होने का भी आरोप लगाया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि नटराजन के सभी आरोप गलत है और इनका कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार में सभी मंत्रियों को निर्णय लेने की पूरी स्वतंत्रता थी और उनपर कोई दबाव नहीं होता था और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी या गांधी मंत्रियों को कोई निर्देश नहीं देते थे। उन्होंने कहा कि यदि इन नेताओं को ऐसा कुछ करना होता तो वे स्वयं मंत्री बन जाते। जिस पार्टी ने नटराजन को सबकुछ दिया उसके प्रति ऐसा व्यवहार ठीक नहीं है। नटराजन तमिलनाडु के पूर्व सीएम एम. वरूतवत्सलम की पौत्री है।