Edited By ,Updated: 05 Mar, 2015 07:35 AM
बी.बी.सी. के लिए बनाए गए वृत्तचित्र (डाक्यूमैंट्री) में निर्भया कांड के मुख्य दोषी द्वारा महिलाओं को ही दुष्कर्म का जिम्मेदार ठहराने पर संसद में बवाल हुआ।
नई दिल्ली(एजैंसियां): बी.बी.सी. के लिए बनाए गए वृत्तचित्र (डाक्यूमैंट्री) में निर्भया कांड के मुख्य दोषी द्वारा महिलाओं को ही दुष्कर्म का जिम्मेदार ठहराने पर संसद में बवाल हुआ। संसद में सदस्यों द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने दोनों सदनों में दिए बयान में कहा कि इस डाक्यूमैंट्री को लेकर सारा देश शर्मिदगी और नाराजगी महसूस कर रहा है तथा वह इसे किसी भी सूरत में जारी नहीं होने देंगे, चाहे वह इलैक्ट्रॉनिक मीडिया पर हो, वैब मीडिया पर हो या प्रिंट मीडिया में हो।
उन्होंने कहा कि इस बारे में कल ही अदालत से आदेश प्राप्त कर लिया गया है कि इस विवादास्पद डाक्यूमैंट्री को भारत में जारी नहीं किया जाएगा। गृह मंत्री ने कहा, ‘‘हमें भरोसा है कि यह डाक्यूमैंट्री ब्रॉडकास्ट नहीं होगी और इसके प्रयास किए जा रहे हैं।’’ उन्होंने बताया कि निर्भया कांड के दोषी से इस डाक्यूमैंट्री के लिए साक्षात्कार लेने की अनुमति जेल अधिकारियों द्वारा 25 जुलाई, 2013 को दी गई थी।
उन्होंने कहा कि वह इस अनुमति से अचंभित हैं। गृह मंत्री ने कहा कि वह पूरे मामले की जांच कराएंगे और जवाबदेही तय करेंगे। उन्होंने कहा कि अगर जरूरी हुआ तो कैदियों से साक्षात्कार लेने वाले प्रावधान की समीक्षा करके उसमें आवश्यक संशोधन करवाएंगे।