Edited By ,Updated: 05 Mar, 2015 04:33 PM
केंद्रीय योजना एवं रक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए छात्राओं के टॉयलेट के लिए 70 लाख रुपए की राशि जारी की है।
गुड़गांव (मनोज): केंद्रीय योजना एवं रक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राव इंद्रजीत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए अपने संसदीय क्षेत्र गुड़गांव लोकसभा के स्कूलों में छात्राओं के टॉयलेट के लिए 70 लाख रुपए की राशि जारी की है। केंद्रीय मंत्री की ओर से संसदीय क्षेत्र में करीब 216 टॉयलेट के लिए यह राशि जारी की गई है।
राव ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान को आगे बढ़ाते हुए सांसदों से स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय बनाने के लिए राशि जारी करने का आह्वान किया था।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्कूलों में खासकर ग्रामीण स्कूलों में छात्राओं को शौचालय की कमी की समस्याओं से खासा जूझना पड़ रहा है। इस दिशा में उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र गुड़गांव लोकसभा के लड़कियों व सह-शिक्षा (लड़के व लडकियों ) के स्कूलों में छात्रा टायलेट के लिए करीब 70 लाख रुपए की राशि जारी की है। साथ ही राव ने कहा कि जिला उपायुक्तों को कहा गया है कि अगर कोई स्कूल ऐसे बचे हैं जिनमें छात्राओं के लिए टायलेट नहीं है उसकी रिपोर्ट अति शीघ्र दें।