Edited By ,Updated: 23 Apr, 2015 12:29 PM
देर रात किसी बात को लेकर बेअंत नगर बिजलीघर के पास 2 पक्षों में हुए विवाद के बाद गोली चली, गोली लगने से एक युवक घायल हो गया
जालंधर(शौरी): देर रात किसी बात को लेकर बेअंत नगर बिजलीघर के पास 2 पक्षों में हुए विवाद के बाद गोली चली, गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जबकि विवाद में 3 लोग और घायल हो गए। दोनों पक्षों के घायल लोगों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लाया गया, जिस कारण एमरजैंसी वार्ड में भी दोनों पक्षों के लोगों में विवाद शुरू हो गया।
घटना की सूचना पाकर अस्पताल में तैनात पुलिस के जवानों, थाना 4 की पुलिस व पी.सी.आर. टीमों ने मिलकर एमरजैंसी में से समर्थकों को बाहर किया और हंगामा शांत करवाया। इसी बीच गोली लगने से घायल युवक के समर्थकों ने डाक्टर पर उपचार करने में देरी का आरोप लगाया और घायल युवक को प्राइवेट अस्पताल ले गए।
पहले पक्ष के घायल नरेश कुमार पुत्र राज कुमार निवासी बेअंत नगर ने बताया कि कुछ दिन पहले लक्की नामक युवक की स्मैक पीते हुए वीडियो किसी ने थाना रामा मंडी में तैनात एक पुलिस वाले को भेज दी, जिसके बाद पुलिस ने लक्की को पूछताछ के लिए बुलाया और बाद में छोड़ दिया। लक्की को किसी ने झूठ कह डाला कि उसने उसकी वीडियो पुलिस को भेजी है।
घायल नरेश ने बताया कि रात को उसका भाई शिव अपने दोस्त प्रभु पुत्र दविंद्र निवासी लद्देवाली के साथ घर को लौट रहा था कि लक्की ने अपने परिजनों व अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। इस बाबत पता चलने पर वह तुरंत भाई को बचाने के लिए पहुंचा तो हमलावरों ने उसे भी पीटा और एक व्यक्ति जो खुद को पुलिस वाला कह रहा था, उसने रिवाल्वर से उसकी जांघ के पास गोली मार दी। किसी तरह वह वहां से भागा और अपनी जान बचाई।
वहीं दूसरे पक्ष में घायल सुखदेव सिंह पुत्र जागीर सिंह निवासी कोट रामदास ने नरेश के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि वह अपने भांजे लखविंद्र सिंह के साथ अपनी बहन के घर से होते हुए वापस घर लौट रहा था कि रास्ते में नरेश, शिव कुमार व उसके कुछ साथी स्मैक का नशा कर रहे थे।
उक्त लोग उसके भांजे के साथ रंजिश रखते थे। जैसे ही वह उनके पास से गुजरे तो उक्त लोगों ने विवाद करना शुरू कर दिया और उसके सिर पर ईंटें व अन्य चीजों से हमला करना शुरू कर दिया। सुखदेव का आरोप है कि नरेश व उसके साथियों के खिलाफ पहले भी कई केस दर्ज हैं, वहीं थाना रामा मंडी के एस.एच.ओ. पलविंद्र सिंह का कहना था कि पुलिस मामले की जांच कर रही है जांच के बाद आरोपी पक्ष के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।