Edited By ,Updated: 17 Jun, 2015 12:25 PM
गर्मी की छुट्टियां मनाने जालंधर के 2 युवक थाईलैंड गए थे, जहां उनका अपहरण कर लिया गया।
जालंधर: गर्मी की छुट्टियां मनाने जालंधर के 2 युवक थाईलैंड गए थे, जहां उनका अपहरण कर लिया गया। अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी है। परिजन के पास थाईलैंड से फिरौती के लिए फोन भी आया है।
जानकारी अनुसार न्यू शास्त्री नगर के रहने वाले अजय कुमार दोस्त हरकमल के साथ 13 जून को कोलकाता से फ्लाइट लेकर थाईलैंड गए थे। वहां से वह पट्टाया शहर पहुंचे। पट्टाया पहुंचते ही उनका अपहरण कर लिया गया। उनके परिवार वालों को फोन आया कि अगर वे अपने बेटे की सलामती चाहते हैं तो वे उन्हें 10 लाख रुपए दे दें, नहीं तो उनके बेटे को मार दिया जाएगा।
किडनैपर ने थाईलैंड के नंबर से ही कॉल किया, लेकिन बात करने वाला हिंदी और पंजाबी बोल रहा था। अजय और हरकमल दोनों दोस्त हैं। हरकमल को कुछ दिनों के बाद ऑस्ट्रेलिया जाना था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आशंका जताई है कि हरकमल थाईलैंड से ही ऑस्ट्रेलिया चला गया है।