Edited By ,Updated: 20 Jul, 2015 10:43 AM
ऑटोचालक व उसके दो साथियों की छेड़छाड़ से घबराई एक महिला चलते ऑटो से निकलकर एलीवेटेड रोड से नीचे कूद गई। इसमें उसके पैर टूट गए। महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जयपुर। पिंकसिटी में रात में सफर कितना खतरे भरा है, इसका उदाहरण है यह घटना। रात 10 बजे नहीं कि सिटी बसें बंद होने के साथ ही ऑटो चालक सवारियों से मुंहमांगे दाम वसूलते हैं। चलो, मजबूरी में यहां तक तो ठीक है, लेकिन अब तो रात में सवारियों की अस्मत से भी यह ऑटोचालक खिलवाड़ करने लगे हैं। रविवार रात ऐसा ही वाकिया हुआ, जब ऑटोचालक व उसके दो साथियों की छेड़छाड़ से घबराई एक महिला चलते ऑटो से निकलकर एलीवेटेड रोड से नीचे कूद गई। इसमें उसके पैर टूट गए। महिला को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी (पश्चिम) राहुल जैन ने बताया कि घटना रात करीब 12 बजे की है। अजमेर के रूपनगढ़ (किशनगढ़) निवासी 35 वर्षीया पार्वती ऑटो में सोढ़ाला जाने के लिए सवार हुई थी। ऑटो में चालक के अलावा उसके दो साथी भी सवार थे। अजमेर पुलिया के पास एलीवेटेड रोड पर तीनों ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। इससे घबराई महिला चलते ऑटो से निकलकर एलीवेटेड रोड से नीचे कूद गई। पार्वती का दो दिन पहले पति से झगड़ा हो गया था। इसके बाद से वह जयपुर में रह रही थी।