Edited By ,Updated: 16 Aug, 2015 05:42 PM
राजस्थान के बीकानेर की व्यास कालोनी थाना क्षेत्र में एक दम्पत्ती ने अपनी तीन पुत्रियों सहित जहरीला पदार्थ ...
बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर की व्यास कालोनी थाना क्षेत्र में एक दम्पत्ती ने अपनी 3 पुत्रियों सहित जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के तिलकनगर में मस्जिद वाली गली में मुरारी लाल सुथार (40) अपने परिवार सहित रहता था। पड़ोस में ही उसके 2 अन्य भाई भी रहते हैं।
सुबह करीब 9 बजे उसके भाईयों के परिवार को उसके घर में किसी तरह की हलचल दिखाई नहीं दी। आवाज देने पर अंदर से जवाब नहीं आया तो उन्होंने पुलिस को सूचित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घर के अंदर देखा तो एक कमरे में मुरारीलाल, उसकी पत्नी सुनीता (35), 3 पुत्रियां पूजा (14) दिव्या 7 और त्रिया (12) मृत मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। संभवत: उन्होंने रात में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था।
सूत्रों ने बताया कि शव को पीबीएम अस्पताल भेजा गया है तथा उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस ने मृतक के भाईयों के हवाले से बताया कि मुरारी लाल मीनाकारी का काम करता था। वह पिछले 2 वर्ष से बेरोजगार था। संभवत: आर्थिक परेशानी के चलते उसने परिवार सहित जहर खा लिया। पुलिस आगे कार्रवाई कर रही है।