Edited By ,Updated: 05 Sep, 2015 09:42 AM
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि असहिष्णु तत्व केन्द्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को नियंत्रित कर रहें हैं जिन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है.....
नई दिल्ली: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि असहिष्णु तत्व केन्द्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार को नियंत्रित कर रहें हैं जिन पर सरकार का कोई नियंत्रण नहीं है । गांधी ने माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर कहा,‘‘मोदी जी को दुनियाभर में ऐसे असहिष्णु तत्व दिशाई दे रहें हैं जिनका बड़े भूभाग पर कब्जा है और सरकारों का उन पर कोई नियंत्रण नहीं है लेकिन उन्हें उनकी सरकार और खुद उन पर नियंत्रण करने वाले असहिष्णु तत्व दिखाई नहीं दे रहे हैं।
गौरतलब है कि कल मोदी ने यहां ‘वैश्विक हिन्दू बौद्ध पहल-संवाद’ को संबोधित करते हुए कहा था कि दुनिया में ऐसी कोई भी समस्या नहीं है जिसका बातचीत के जरिए हल न ढूंढा जा सके। आज विश्व के कई देशों में बड़े भू-भाग पर ऐसे असहिष्णु तत्वों का कब्जा है जिन पर सरकारों का नियंत्रण नहीं है।
ऐसे तत्व निर्दोष लोगों पर अत्याचार कर रहे हैं। इससे पहले आज दिन में कांग्रेस प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने पार्टी की नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कहा था कि प्रधानमंत्री उनके मंत्रिमंडल के सदस्य गैर संवैधानिक संस्था राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) की पाठशाला में सिर झुका रहे हैं जिससे साबित होता है कि संघ प्रमुख मोहन भागवत ही सरकार को चला रहे हैं।